भोपालमध्य प्रदेश

आबकारी भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, 30 मिनट में हल किए 100 सवाल, रतलाम के 12 फर्जी टॉपर्स पर एफआईआर

आबकारी भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, 30 मिनट में हल किए 100 सवाल, रतलाम के 12 फर्जी टॉपर्स पर एफआईआर

रफ शीट छुई तक नहीं, पिछली परीक्षा में 50 अंक भी नहीं आए थे; CCTV और लॉग डेटा से खुला राज

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा-2024 में एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। मंडल ने रतलाम के एक ही परीक्षा केंद्र ‘रतलाम पब्लिक स्कूल’ से परीक्षा देने वाले 12 टॉपर्स के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कराया है। ये सभी अभ्यर्थी 100 पर्सेंटाइल लाकर मेरिट लिस्ट में आए थे, लेकिन जांच में इनकी पोल खुल गई।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा: सुपरमैन की रफ्तार से किए सवाल
मंडल की तकनीकी टीम ने जब टॉपर्स के परीक्षा लॉग डेटा की जांच की, तो होश उड़ाने वाले तथ्य सामने आए। सामान्य तौर पर 2 घंटे (120 मिनट) की परीक्षा में कठिन सवालों को हल करने में समय लगता है, लेकिन इन 12 अभ्यर्थियों ने मात्र 15 से 30 मिनट के भीतर 100 कठिन प्रश्न हल कर दिए। अधिकांश समय कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बिना किसी हलचल के बैठे रहे। गणित और रीजनिंग जैसे विषयों के बावजूद रफ वर्क बिल्कुल नहीं किया।
जो पहले फेल थे, यहाँ टॉपर बन गए
ईएसबी ने इन संदिग्धों के पुराने डेटा का मिलान किया तो पाया कि ये सभी अभ्यर्थी पहले पुलिस भर्ती और अन्य परीक्षाओं में शामिल हो चुके थे। उस समय इनके अंक 50 से भी कम थे। लेकिन आबकारी परीक्षा में अचानक इन्होंने 90 से अधिक अंक प्राप्त कर लिए।
एक ही केंद्र, एक ही मददगार का शक
हैरानी की बात यह है कि ये 12 अभ्यर्थी अलग-अलग तारीखों और अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन सबका केंद्र रतलाम पब्लिक स्कूल ही था। जांच अधिकारियों को अंदेशा है कि परीक्षा केंद्र पर किसी एक विशेष व्यक्ति या तकनीकी टीम ने ‘रिमोट एक्सेस’ या स्क्रीन शेयरिंग के जरिए इनकी मदद की है।

किसने कैसे रची साजिश?
आशुतोष: महज 15 मिनट में पूरे 100 प्रश्न देख लिए। आखिरी 30 मिनट में सब हल कर दिए।
विवेक: 15 मिनट में प्रश्न देखे और अगले 30 मिनट में हल कर दिए (कुल 45 मिनट)।
कुलदीप 15 मिनट में सारे सवाल पढ़े और अंतिम 30 मिनट में टिक कर दिए।
अनिल पहले 15 मिनट स्क्रीन ही नहीं छुई, फिर अगले 30 मिनट में सवाल देखे और हल किए।
सुभाष 30 मिनट सवाल देखने और 30 मिनट हल करने में लगाए।
रवि सुभाष की तरह ही 30 मिनट सवाल देखे और 30 मिनट में हल कर दिए।
दयाशंकर 30 मिनट में 100 सवाल पढ़े और महज 15 मिनट में सारे हल कर दिए।
शैलेंद्र: शुरुआत के 15 मिनट कोई हलचल नहीं, फिर 30 मिनट सवाल देखे और आखिरी 15 मिनट में 100 सवाल सॉल्व।
अंकित: 30 मिनट सवाल देखने और 30 मिनट में उन्हें हल करने का पैटर्न अपनाया।
संजीत, अंकित: एक ही पैटर्न (30 मिनट देखना + 30 मिनट हल करना)।
पुष्पेंद्र: इन्होंने भी 30 मिनट सवाल देखने और 30 मिनट में हल करने का तरीका चुना।
आशु: बाकी 3 की तरह 30 मिनट सवाल देखे और अगले 30 मिनट में सब हल कर दिए।

भोपाल में केस, रतलाम पहुंची डायरी
मंडल के प्रिंसिपल सिस्टम एनालिस्ट प्रणीत सिजरिया की शिकायत पर भोपाल के एमपी नगर थाने में शून्य पर एफआईआर दर्ज की गई है। चूंकि घटनास्थल रतलाम है, इसलिए केस डायरी वहां स्थानांतरित कर दी गई है। पुलिस अब इस संगठित गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button