होली पर सरकार का सख्त संदेश, गैर-विवादित स्थलों पर ही होगा होलिका दहन

होली पर सरकार का सख्त संदेश, गैर-विवादित स्थलों पर ही होगा होलिका दहन
– थानों का औचक निरीक्षण करेंगे डॉ. मोहन यादव
– शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई, अतिरिक्त पेट्रोलिंग और मॉनिटरिंग के निर्देश
भोपाल, यश भारत। प्रदेश में होलिका दहन और आगामी त्योहारों को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कहा है कि शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
भोपाल स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी रेंज आईजी, डीआईजी, पुलिस कमिश्नर और पुलिस अधीक्षकों से चर्चा की। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि होलिका दहन केवल गैर-विवादित स्थानों पर ही किया जाए। इसके लिए शांति समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर समाज के प्रभावशाली और जिम्मेदार नागरिकों को शामिल करने को कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि वे स्वयं आगामी दिनों में पुलिस थानों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगे। थानों की व्यवस्था, कार्यशैली और आमजन से मिले फीडबैक के आधार पर उनकी ग्रेडिंग की जाएगी। साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़ी सभी कार्रवाइयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पेट्रोलिंग, कंट्रोल रूम और मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने तथा किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। शुष्क दिवस के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने पर भी जोर दिया गया है।
प्रदेश में चल रही परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों और छात्रावासों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, त्योहारों के दौरान यात्रियों से अधिक किराया वसूलने की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर शांति समिति बैठकों के माध्यम से नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को प्रदेश को नक्सल-मुक्त बनाने के प्रयासों के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।







