सतना, यश भारत।जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बठिया में कबाड़ बीनने वाले एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलगवां थाना क्षेत्र के सतरी निवासी राजेश साकेत (40) पिता मथुरा प्रसाद साकेत पिछले कुछ समय से बठिया गांव में रहकर कबाड़ की फेरी का काम कर रहे थे। वह रोजाना की तरह फेरी से लौटकर घर पहुंचे थे। इसी दौरान मनकहरी निवासी एक युवक उनके घर आया और कुछ देर में वापस छोड़ने की बात कहकर उन्हें अपने साथ ले गया।
काफी देर तक घर न लौटने पर पत्नी लीला साकेत को चिंता हुई। रातभर परिजनों ने तलाश की, लेकिन राजेश का कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव के एक युवक ने सूचना दी कि राजेश सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मर्चुरी में रखवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या की गई है। उनका कहना है कि राजेश फेरी से कमाए पैसे अपने पास रखे हुए थे और साथ ले जाने वाला युवक पैसे लेकर फरार हो गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Back to top button