सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 2025 को लेकर सागर जिला प्रशासन और आयोग की तैयारियां पूरी तरह चाक-चौबंद हैं। शनिवार को सागर संभाग के पर्यवेक्षक श्री मनोहर दुबे (से.नि. IAS) ने समस्त ऑब्जर्वर्स और अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करना ही पर्यवेक्षकों की प्राथमिक ड्यूटी है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान ऑब्जर्वर दुबे ने परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी 23 केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, उचित प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से महिला एवं पुरुष परीक्षार्थियों के लिए पृथक शौचालयों की व्यवस्था को अनिवार्य बताया गया। जॉइंट कमिश्नर राजेश शुक्ला, विनय द्विवेदी और बाय पी सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में यह तय किया गया कि शनिवार शाम तक सभी केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधा संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जाए।
आज रविवार, 01 मार्च को दोपहर 12 से 3 बजे तक होने वाली इस परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय सागर में कुल 8,661 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे तक केंद्रों पर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। पहचान के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य मान्य फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है। पहचान की पुष्टि न होने की स्थिति में किसी भी आवेदक को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा घेरा अत्यंत कड़ा रखा गया है। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, स्मार्ट वॉच, बेल्ट, पर्स और टोपी जैसे सामान के साथ-साथ जूते-मोजे पहनकर प्रवेश करना भी पूर्णतः वर्जित है। परीक्षार्थी केवल ई-प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और काला बॉल पेन ही साथ ले जा सकेंगे। शहर के प्रमुख केंद्रों जैसे कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, बीटीआईआरटी, सेंट मैरी स्कूल और शासकीय कन्या उत्कृष्टता महाविद्यालय सहित सभी 23 केंद्रों पर ऑब्जर्वर्स की पैनी नजर रहेगी। किसी भी आपात स्थिति या जानकारी के लिए संभागीय पर्यवेक्षक मनोहर दुबे (9425300503) से संपर्क किया जा सकता है।