देवरीफाटक पर कब पूरा होगा आरओबी का निर्माण, दो साल पहले शुरू हुआ काम, परेशान हो रहे वाहन चालक, 38 करोड़ की मंजूरी दी है रेलवे ने

कटनी, यशभारत। कटनी-बीना रेलखंड पर रीठी के पहले देवरी फाटक पर निर्माणाधीन रेल ओव्हर ब्रिज का काम पूरा होगा, यह सवाल इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले लोग पूछ रहे हैं। करीब दो साल पहले जोर-शोर से शुरू हुए आरओबी के निर्माण को देखकर लोगों को यह लगा था कि जल्द ही ओव्हर ब्रिज बन जाएगा और उन्हें घंटों रेलवे फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, लेकिन मंथर गति से चल रहे इस काम की रफ्तार को देखकर ही इंदाजा लगाया जा सकता है कि इसके जल्द पूरा होने के आसार कम ही हैं। बताया जाता है कि रेल ओव्हर ब्रिज का काम पिछले कुछ दिनों से बंद है। जिससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एप्रोच रोड भी काफी जर्जर हो चुकी है। जिसकी वजह से दुपहिया और चार पहिया वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। गौरतलब है कि कटनी-रीठी मार्ग पर दो स्थानों मझगवां और देवरी में रेलवे फाटक पर ओव्हर ब्रिज की योजना सरकार ने तैयार की थी। पहरूआ मंडी के आगे ग्राम मझगवां में रेल ओव्हर ब्रिज का निर्माण पूरा हो गया। जिससे लोगों की परेशानी कुछ कम हुई लेकिन रीठी के पहले देवरी में आरओबी का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। लोगों की परेशानियां कब खत्म होगी, यह आने वाले समय में पता लगेगा।
तीन साल पहले हुआ था भूमिपूजन
देवरी फाटक पर रेल ओव्हर ब्रिज की मांग पिछले कई सालों से की जा रही थी। ग्रामीणों की मांग पर रेल मंत्रालय ने ग्राम देवरी फाटक पर रेल ओव्हर ब्रिज की स्वीकृति प्रदान करते हुए राशि स्वीकृत की। जानकारी के मुख्यमंत्री प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य, सांसद विष्णुदत्त शर्मा की अध्यक्षता और मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल की उपस्थिति में विगत 6 अक्टूबर 2023 को ग्राम देवरी फाटक में रेल ओव्हर ब्रिज के निर्माण के लिए आधारशिला रखी गई थी।
पोल शिफ्टिंग एवं भू-अर्जन भी किया
बताया जाता है कि रेल मंत्रालय ने देवरी फाटक पर ओव्हर ब्रिज निर्माण के लिए करीब 38 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की थी। कटनी-बीना कटनी सेक्शन के देवरी फाटक पर आरओबी वायाडक्ट की लागत 13 करोड़ 89 लाख 95 हजार, पहुंच मार्ग की लागत 31 करोड़ 9 लाख 78 हजार, भू-अर्जन की लागत 24 करोड़ 4 लाख 8 हजार एवं विद्युतीकरण पोल शिफ्टिंग की लागत 65 लाख सहित आरओबी की कुल लागत 38 करोड़ 93 लाख 49 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की गई है।






