होली पर घर जाना होगा आसान: भोपाल मंडल चलाएगा 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, रीवा और दानापुर के लिए मिली राहत

होली पर घर जाना होगा आसान: भोपाल मंडल चलाएगा 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, रीवा और दानापुर के लिए मिली राहत
भोपाल, यश भारत। होली के त्योहार पर ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और वेटिंग लिस्ट की समस्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल से होली के अवसर पर 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। ये ट्रेनें मुख्य रूप से भोपाल/रानी कमलापति से रीवा और बिहार के दानापुर के बीच चलेंगी।
रेल प्रशासन के अनुसार, इन ट्रेनों के चलने से त्योहार के समय अतिरिक्त यात्री यातायात को क्लियर करने में मदद मिलेगी। यात्री इन ट्रेनों के लिए आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या किसी भी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र से बुकिंग करा सकते हैं।
इन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें:
1. रानी कमलापति – रीवा – रानी कमलापति (02191/02192) यह सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 28 फरवरी को चलेगी। रीवा से यह दोपहर 12:30 बजे चलकर रात 9:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी में रानी कमलापति से रात 10:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7:30 बजे रीवा पहुंचेगी।
2. रीवा – रानी कमलापति सुपरफास्ट (02185/02186) यात्रियों की संख्या को देखते हुए इस ट्रेन के 2-2 ट्रिप लगाए गए हैं। यह 02 और 03 मार्च को रीवा से दोपहर 12:30 बजे चलेगी। वापसी में रानी कमलापति से इन्हीं तारीखों पर रात 10:15 बजे रवाना होगी।
3. भोपाल – रीवा – भोपाल स्पेशल (01703/01704) भोपाल स्टेशन से रीवा के लिए यह ट्रेन 05 मार्च को सुबह 10:30 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 8:45 बजे रीवा पहुंचेगी। वापसी में रीवा से रात 10:20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9:05 बजे भोपाल पहुंचेगी।
4. रानी कमलापति – दानापुर (बिहार) स्पेशल (01667/01668) बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन है। रानी कमलापति से यह 27 फरवरी और 02 मार्च को दोपहर 2:25 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 8:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में दानापुर से यह 28 फरवरी और 03 मार्च को सुबह 11:15 बजे रवाना होगी।







