पुलिस की घेराबंदी देख कार छोड़ नाले में कूदा तस्कर, 187 लीटर अवैध शराब जब्त

पुलिस की घेराबंदी देख कार छोड़ नाले में कूदा तस्कर, 187 लीटर अवैध शराब जब्त
कार सहित 8 लाख रुपये का मशरूका बरामद, आरोपी की तलाश जारी
भोपाल, यशभारत। हबीबगंज थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार से 187 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस को देख आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर नाले में कूदकर फरार हो गया। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शाहपुरा की ओर से एक सफेद कार (MP 04 CG 9601) भारी मात्रा में शराब लेकर 12 नंबर स्टॉप की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजीव कुमार चौकसे के नेतृत्व में टीम ने 1100 क्वार्टर्स के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और कैंपियन स्कूल के सामने से भागने लगा।
पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया। खुद को घिरा देख चालक ने रविशंकर नगर स्थित केंद्रीय पर्यावरण भवन के पास गाड़ी मोड़ी और सेंट थॉमस चर्च के पीछे कार खड़ी कर दी। आरोपी इतना शातिर था कि वह कार की चाबी निकालकर पास ही स्थित नाले में कूद गया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
कंबल में छिपाकर रखी थी शराब
पुलिस ने जब लावारिस हालत में खड़ी कार की तलाशी ली, तो पिछली सीटों पर काले रंग के कंबलों से ढके हुए 21 कार्टून मिले। जांच करने पर इनमें 3 पेटी गोवा व्हिस्की (25 लीटर) 8 पेटी देशी मदिरा (162 लीटर) ल 900 क्वार्टर शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार रुपये है।
हबीबगंज पुलिस ने कार सहित कुल 8 लाख रुपये का माल जब्त कर लिया है। फरार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।







