
देश के सबसे प्रदूषित शहरों में मुंबई दूसरे स्थान पर, कई इलाकों में हवा ‘बहुत खराब’
मुंबई, यश भारत । एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) के संकेतस्थल के अनुसार, देशभर के प्रदूषित शहरों की सूची में मुंबई 192 एक्यूआई के साथ दूसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर कोलकाता है, जहां एक्यूआई 207 दर्ज किया गया है।
मुंबई के अलग-अलग इलाकों का आकलन करें तो हालात और भी चिंताजनक नजर आते हैं। कई क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच चुकी है, जिससे नागरिकों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई के सबसे प्रदूषित इलाके इस प्रकार हैं:
जुहू तारा – 230
अंधेरी पश्चिम स्थित लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स – 224
वडाला – 223
कुलाबा का नेवी नगर – 222
गोवंडी का शिवाजीनगर – 221
बांद्रा पश्चिम – 217
चेंबूर गांवठाण – 215
शिवड़ी – 214
कांदिवली का ठाकुर विलेज – 205
पवई का हीरानंदानी गार्डन – 203
मलाड पश्चिम का मिठ चौकी – 203
अंधेरी का आंबिवली इलाका – 201
मुंबई और नवी मुंबई की तुलना करें तो आर्थिक राजधानी मुंबई (192) में वायु प्रदूषण का स्तर नवी मुंबई (184) से अधिक है। नवी मुंबई में सीबीडी बेलापुर सेक्टर-8 सबसे अधिक प्रदूषित इलाका है, जहां एक्यूआई 214 दर्ज किया गया। इसके बाद सीबीडी बेलापुर (208) और सेक्टर-15 (203) का स्थान आता है।
लगातार बढ़ते प्रदूषण स्तर ने नागरिकों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है और विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।







