भोपालमध्य प्रदेश

गांधी नगर आईटी पार्क में महिला गैंग ने शटर उचकाकर 3 एलएडी की पार

गांधी नगर आईटी पार्क में महिला गैंग ने शटर उचकाकर 3 एलएडी की पार

शटर के नीचे बने मामूली गैप से अंदर घुसी महिला, बोरियों में भरकर ले गईं टीवी; वारदात सीसीटीवी में कैद

भोपाल, यशभारत। राजधानी के गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित आईटी पार्क में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए पांच महिलाओं की एक गैंग ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। ड्रीम ऑन कंपनी के आउटलेट से चोर गिरोह ने शटर उचकाकर 32, 43 और 55 इंच की तीन एलईडी टीवी पार कर दीं। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें महिलाएं पेशेवर तरीके से चोरी करती नजर आ रही हैं।
तड़के 5 बजे दिया वारदात को अंजाम
कंपनी के मैनेजर प्रवेश सेन ने पुलिस को बताया कि वे 12 फरवरी की रात ऑफिस बंद कर घर गए थे। अगले दिन सुबह जब दफ्तर पहुंचे, तो दीवार पर लगी तीनों एलईडी टीवी गायब थीं। सीसीटीवी खंगालने पर पता चला कि तड़के करीब 5 बजे पांच महिलाओं ने धावा बोला था। चार महिलाओं ने मिलकर शटर को नीचे से खींचा और बीच में जगह बनाई। इसके बाद एक दुबली महिला उस छोटे से गैप से रेंगकर अंदर घुस गई। उसने अंदर से एक-एक कर तीनों टीवी बाहर पकड़ाए, जिन्हें बाकी महिलाओं ने बोरियों में भरा और रफूचक्कर हो गईं।
मैनेजर के मुताबिक, चोरी गए सामान की कुल कीमत 47,470 रुपए है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में महिलाओं की गतिविधि साफ दिख रही है, लेकिन चेहरों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों और शहर के मुख्य चौराहों पर लगे कैमरों के जरिए आरोपियों के भागने के रूट को ट्रेस कर रही है।
इंडस्ट्रियल एरिया में डर का माहौल
कंपनी प्रबंधन ने बताया कि यह पहली बार नहीं है; इससे पहले भी कंपनी से तीन एलईडी टीवी चोरी हो चुके हैं। क्षेत्र के अन्य कारोबारियों का कहना है कि आईटी पार्क और आसपास की अन्य कंपनियों में भी लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। कारोबारियों ने आरोप लगाया कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद यहां रात में पुलिस गश्त ना के बराबर रहती है, जिसका फायदा ऐसे गिरोह उठा रहे हैं।
इनका कहना है…
अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ब्रजेन्द्र मर्सकोले- थाना प्रभारी, गांधी नगर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button