नाइट्रावेट की गोली लेकर घूम रहा युवक पकड़ाया, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की रंगनाथ नगर पुलिस ने

कटनी, यशभारत। रंगनाथ नगर पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के बीच पकड़ा है। आरोपी के पास से नशीली दवा नाइट्रावेट की गोलियां बरामद की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुणपाल सिंह ने बताया कि बाबरी टोला के समीप रेलवे लाइन के किनारे संदिग्ध युवक मिला था। युवक को रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके बैग से नशीली दवाओं के पैकेट मिले। पकड़े गए आरोपी कृष्णा बर्मन निवासी शिवाजी नगर के पास से 7 से अधिक स्ट्रिप बरामद की गई। गोलियों के पैकेट पर नाइट्राजेम-10 लिखा पाया गया, जिसकी प्रति 10 टैबलेट की एमआरपी 45 बताई है। पुलिस जांच में सामने आया कि इन गोलियों का उपयोग नशे के रूप में किया जाता है और यह एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित मादक पदार्थ की श्रेणी में आती हैं। आरोपी से जब्त गोलियों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई भी मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन नहीं दिखा पाए। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी यह नशीली गोलियां कहां से लाया है और इन्हें आगे कहां सप्लाई करता था। थाना पुलिस ने मामले में नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।






