भोपालमध्य प्रदेश
कोहेफिजा पुलिस ने किया शातिर नकबजन गिरफ्तार, 22 लाख का माल बरामद

कोहेफिजा पुलिस ने किया शातिर नकबजन गिरफ्तार, 22 लाख का माल बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी की कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जिसके कब्जे से लगभग 22 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 29 अक्टूबर को फरियादी कमाल उद्दीन, निवासी फिजा पैलेस, रिगालिया हाइट्स, कोहेफिजा ने थाना कोहेफिजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपने बेटे की बारात के लिए घर पर ताला लगाकर गए थे, तभी कोई अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर सोने और हीरे-पन्ना जड़ी बेशकीमती ज्वेलरी तथा नगदी रुपये चोरी कर ले गया। फरियादी द्वारा लाखों रुपये के मसरूका की चोरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की।

पुलिस से मिली जानकारी पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से अवलोकन किया। आरोपी के आने-जाने के रूट की मार्किंग करते हुए रूट पर लगे लगभग 400 से 500 प्राइवेट एवं सरकारी कैमरे देखे गए, जिससे आरोपी की लोकेशन निर्धारित की गई। घटनास्थल तथा आसपास का पीएसटीएन डाटा भी साइबर सेल की मदद से प्राप्त कर उसका अवलोकन किया गया। वही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही फरहान, निवासी लक्ष्मी टॉकीज के पास, थाना हनुमानगंज को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया मसरूका जब्त किया गया है। पुलिस आरोपी से घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया गया है। आरोपी से शहर में हुई अन्य चोरियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है, जिनसे अन्य चोरियों के भी खुलासे की संभावना है।







