
मंत्रालय में एसीबी ने एफडीए क्लर्क रिश्वत को लेते किया गिरफ्तार
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
मुंबई, यश भारत। मंत्रालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अन्न व औषध प्रशासन (एफडीए) विभाग के एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम राजेंद्र ढेरंगे है। वह मेडिकल का निलंबित लाइसेंस बहाल कराने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। बाद में सौदेबाजी के बाद 35 हजार रुपये लेते समय एसीबी ने उसे पकड़ लिया।
यह कार्रवाई मंत्रालय की दूसरी मंज़िल पर की गई, जिससे प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी के छह अधिकारी मंत्री नरहरी झिरवल के कार्यालय पहुंचे और पूरी कार्रवाई के दौरान कार्यालय को अपने नियंत्रण में लिया। जांच पूरी होने के बाद आरोपी क्लर्क को हिरासत में ले लिया गया, फिर कार्यालय को दोबारा खोला गया।
इस घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार के कार्यकाल में मंत्रालय के भीतर खुलेआम रिश्वतखोरी और कमीशनखोरी चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के काम बिना पैसे दिए नहीं हो रहे हैं, जो बेहद गंभीर स्थिति है।
सपकाल ने मांग की कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले का संज्ञान लें, जनता को सच्चाई बताएं और संबंधित लापरवाह व भ्रष्ट जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने इसे “भ्रष्टयुती सरकार” बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।







