जालंधर में दिनदहाड़े सनसनी: गुरुद्वारे के बाहर AAP नेता की गोलियों से हत्या
एक्टिवा सवार हमलावर फरार

जालंधर | पंजाब के जालंधर जिले में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां एक्टिवा सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ 15 से 16 राउंड फायरिंग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने थार गाड़ी में सवार लक्की ओबेरॉय को निशाना बनाया। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर गिरा दिए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल लक्की ओबेरॉय को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। लक्की ओबेरॉय के रिश्तेदार कुलदीप ओबेरॉय ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है।
मौके से कारतूस बरामद, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया। घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
बताया जा रहा है कि लक्की ओबेरॉय, जालंधर कैंट की AAP प्रभारी राजविंदर कौर थियाड़ा के करीबी थे। पुलिस इस मामले में आपसी रंजिश और राजनीतिक एंगल दोनों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
हत्या की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच हर एंगल से की जा रही है और जल्द ही हमलावरों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।







