सीजफायर टूटते ही इजरायल का करारा जवाब: हमास–इस्लामिक जिहाद के दो शीर्ष कमांडर एयरस्ट्राइक में मारे गए
अल-हबील सेल को विशेष रूप से निशाना बनाया

इजरायल,एजेंसी। इजरायल ने गाजा पट्टी में हमास के ठिकानों पर बड़ी एयर स्ट्राइक करते हुए दो कुख्यात आतंकवादी कमांडरों को ढेर कर दिया है। इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) और इजरायली सुरक्षा एजेंसी (ISA) द्वारा चलाए गए संयुक्त सैन्य अभियान में हमास के अल-हबील सेल को विशेष रूप से निशाना बनाया गया।
इस कार्रवाई में हमास कमांडर मोहम्मद अल-हबील और इस्लामिक जिहाद के उत्तरी गाजा ब्रिगेड के प्रमुख कमांडर अली राजियाना (कोको) की मौत हो गई। इजरायली अधिकारियों के अनुसार, अल-हबील पर इजरायली महिला सैनिक कॉर्पोरल नोआ मार्सियानो की कैद के दौरान हत्या का गंभीर आरोप था, जिससे इजरायल में भारी आक्रोश था।
बताया गया है कि सीजफायर के उल्लंघन के बाद IDF और ISA ने यह संयुक्त ऑपरेशन अंजाम दिया। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि मारे गए दोनों कमांडर गाजा में आतंकी गतिविधियों की योजना और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा रहे थे।
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर को नाहल ओज़ पोस्ट पर हुए हमले के दौरान नोआ मार्सियानो को हमास आतंकियों ने अगवा किया था। वह इजरायली सेना में ऑब्जर्वर के रूप में तैनात थीं। बाद में कैद में उनकी हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद से इजरायल लगातार बदले की कार्रवाई के संकेत दे रहा था।







