भोपालमध्य प्रदेश

मंत्री के निरीक्षण में नदारद मिले वार्ड प्रभारी, हुआ निलंबन

मंत्री के निरीक्षण में नदारद मिले वार्ड प्रभारी, हुआ निलंबन
– लोगों का आरोप नहीं हो रहा समस्याओं का समाधान
भोपाल, यशभारत। जनता से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अशोका गार्डन स्थित वार्ड क्रमांक 71 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड कार्यालय में वार्ड प्रभारी की अनुपस्थिति सामने आने पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया और मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त द्वारा वार्ड प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई से नगर निगम महकमे में हडक़ंप मच गया है।
औचक निरीक्षण के समय वार्ड कार्यालय में पेंशन और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। वार्ड प्रभारी के कार्यालय में मौजूद न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बुजुर्ग नागरिक घंटों से इंतजार करते नजर आए। नागरिकों ने मंत्री के सामने नाराजगी जताते हुए बताया कि अक्सर उन्हें अपने कामों के लिए वार्ड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समय पर उपलब्ध नहीं रहते।

मंत्री सारंग ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से इस लापरवाही को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसेवा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इसमें लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि वार्ड कार्यालय आम नागरिकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं, जहां पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्य किए जाते हैं। यदि इन कार्यालयों में अधिकारी ही अनुपस्थित रहें, तो इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ता है। यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही है, बल्कि जनता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ भी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त ने वार्ड प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। साथ ही अन्य वार्ड कार्यालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतें दोबारा सामने न आएं।

मंत्री विश्वास सारंग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वार्ड कार्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और नागरिकों से जुड़े कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी वार्ड कार्यालय से इस तरह की शिकायत सामने आई, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button