एमपी पुलिस ने 3 दिन में 14 करोड़ की ड्रग्स जब्त की, 28 गिरफ्तार

एमपी पुलिस ने 3 दिन में 14 करोड़ की ड्रग्स जब्त की, 28 गिरफ्तार
रतलाम में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, नरसिंहपुर, सतना, कटनी और नीमच में भी बड़ी कार्रवाई
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने पिछले 72 घंटों में प्रदेश के पांच अलग-अलग जिलों से करीब 13 करोड़ 88 लाख रुपए की ड्रग्स, हथियार और वाहन जब्त किए हैं। इस सघन अभियान में अब तक 28 अंतरराज्यीय तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
रतलाम: घर के भीतर चल रही थी मौत की फैक्ट्री
सबसे चौंकाने वाली कार्रवाई रतलाम जिले में हुई, जहां पुलिस ने एक अवैध एमडी ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री पर दबिश दी। यहाँ से पुलिस ने 10 किलो 930 ग्राम तैयार एमडी ड्रग और भारी मात्रा में केमिकल बरामद किया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 12 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने यहाँ से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ड्रग्स के साथ ही इनके पास से दो अवैध बंदूकें, 91 जिंदा कारतूस, कीमती चंदन और कैद कर रखे गए दो मोर भी बरामद हुए हैं।
नरसिंहपुर में ऑपरेशन ईगल क्लॉ का असर
नरसिंहपुर पुलिस ने ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत दो बड़ी सफलताओं में 58 लाख 50 हजार की जब्ती की है। पुलिस ने एक ट्रक से 106 किलो गांजा बरामद किया, वहीं एक अन्य कार्रवाई में स्मैक के साथ तस्करों को दबोचा। जिले में कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सतना, कटनी और नीमच में भी टूटी तस्करों की कमर
सतना: उचेहरा पुलिस ने एक तस्कर से 4 क्विंटल (400 किलो) गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत 40 लाख रुपए है।
कटनी: यहाँ पुलिस ने घेराबंदी कर दो पिकअप और एक स्कॉर्पियो से 133 किलो गांजा बरामद किया। इस मामले में 6 तस्कर पकड़े गए हैं।
नीमच: सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 585 ग्राम ड्रग्स, नशीली गोलियां और नोट गिनने की मशीन जब्त की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नशे के सौदागर अब हाईटेक तरीके अपना रहे हैं। नीमच में नोट गिनने की मशीन का मिलना और रतलाम में अवैध हथियारों का जखीरा यह बताता है कि यह सिंडिकेट काफी गहराई तक फैला हुआ है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।







