गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ…रिमझिम के बीच के बीच दी जा रही भगवान गणपति को विदाई, विसर्जन कुण्डों पर भीड़ के नजारे, गणेश चौक से निकल रहा मुख्य जुलूस

कटनी, यशभारत। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ… के गगनचुंबी जयघोषों के साथ विघ्न विनाशक भगवान गणपति जी को आज एक साल के लिए बिदाई दी जा रही है। सुबह से जारी रिमझिम और तेज बारिश के बीच श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ कुंडों में विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। स्थानीय गणेश चौक से मुख्य चल समारोह निकाला जा रहा है। जुलूस मार्ग और विसर्जन घाट पर नगर निगम और पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विसर्जन घाटों पर कर्मचारी तैनात हैं। विसर्जन के लिए सबसे ज्यादा भीड़ गाटरघाट पर नजर आ रही है। रिमझिम का दौर तो सारे दिन से जारी है, कुछ समय के लिए बारिश रुकते ही लोग सपरिवार विसर्जन के लिए निकल रहे हैं। कारों और दुपहिया वाहनों में गणेश जी को साथ लेकर श्रद्धालु घाट पर बनाए गए कुंड में पहुंच रहे हैं।
गाटरघाट में बनाए गए कृत्रिम कुंड में सुबह 10 बजे से ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य विसर्जन घाटों पर भी श्रद्धालुओं द्वारा अपार उत्साह और उमंग के बीच भगवान गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। इसी के साथ दस दिवसीय गणेशोत्सव पर्व का आज समापन हो रहा है। घरों में आज सुबह से ही पूजा, अर्चना, हवन, आरती और कन्या भोज के आयोजन चलते रहे। उधर गणपति पंडालों में भी विसर्जन की तैयारियां दिन भर की जाती रहीं। कई पंडालों में कल रात को ही हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाए सुरक्षा एवं घाटों पर सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा तीन शिफ्ट में अधिकारी कर्मचारी तैनात किये जाकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख आकर्षण का केंद्र सिविल लाइन स्थित गणेश चौक से परम्परा अनुसार गणेश विसर्जन चल समारोह निकाला जा रहा है। चल समारोह में सबसे आगे गणेश चौक की प्रतिमा, इसके पीछे अन्य समितियों की प्रतिमाएं भी जुलूस में शामिल हो रही हैं। चल समारोह गणेश चौक से शुरू होकर मघई मंदिर, हनुमान मंदिर, मेन रोड, सुभाष चौक, झंडाबाजार, शेर चौक, आजाद चौक होता हुआ गाटरघाट पहुंचेगा।
पुलिस अलर्ट, एएसपी ने फोर्स की ब्रीफिंग कर ड्यूटी पर रवाना किया
गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं चल समारोह को लेकर कटनी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने थाना कोतवाली में पुलिस बल की ब्रीफिंग लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान एएसपी ने अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों को उनकी निर्धारित ड्यूटी की जानकारी देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बल प्रभारियों से कहा कि चल समारोह के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून- व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहें। एएसपी ने पुलिस बल को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट के लिए पुलिस बल को रवाना किया गया। शहर के प्रमुख मार्गों, चल समारोह के मार्ग एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था के साथ-साथ भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
चलित विसर्जन कुंडों में श्रद्धा भाव से हो रहा गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, 8 प्रमुख स्थलों पर निगम ने की विशेष व्यवस्था
छोटी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा नगर के 8 प्रमुख स्थलों पर सुसज्जित वाहनों में कृत्रिम चलित विसर्जन कुंडों की व्यवस्था की गई है। इन कुंडों में श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा भाव से विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। घर के समीप ही विसर्जन की सुविधा मिलने से नागरिकों को सहूलियत हो रही है, वहीं मुख्य विसर्जन घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने में भी मदद मिल रही है।








