फल लोड पिकअप पेड़ से टकराई, चालक- परिचालक की दर्दनाक मौत, बरही के छैघरा टोला, ग्राम खन्ना में हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच

बरही/कटनी, यशभारत । बरही थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में फल लोड पिकअप वाहन चालक और परिचालक की मौत हो गई। हादसा विजयराघवगढ़ मार्ग पर ग्राम खन्ना के छैघरा टोला के पास करीब रात 7 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार फल से लोड पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की 112 वाहन टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रवीण सिंह पिता अतुल सिंह, उम्र 30 वर्ष तथा रवि कोल पिता राम कुमार, उम्र 28 वर्ष, निवासी डोकारिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों का परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।








