कांग्रेस विधायक के बयान पर भाजपा महिला मोर्चा का तीखा हमला, नारी सम्मान पर बताया आघात

जबलपुर,यश भारत। भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष अश्वनी परांजपे ने शनिवार को जबलपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह बयान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि कांग्रेस की महिला-विरोधी, दलित-विरोधी और असंवेदनशील सोच को उजागर करता है। अश्वनी परांजपे ने स्पष्ट किया कि नारी कोई वस्तु नहीं, बल्कि सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की प्रतीक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के ऐसे बयान महिलाओं और एससी-एसटी समाज का अपमान हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भाजपा महिला मोर्चा ने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व इस बयान पर सार्वजनिक माफी मांगे और संबंधित विधायक पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करे।
वार्ता में केंद्र व राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा गया कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। भाजपा महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।







