भागीरथपुरा पहुंचे राहुल गांधी, दूषित पानी से मृतकों के परिजनों से की मुलाकात
कांग्रेस ने दी आर्थिक सहायता

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र पहुंचकर दूषित पानी से जान गंवाने वाले अव्यान सहित अन्य पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। वे पैदल चलकर संकरी गलियों से होते हुए पीड़ितों के घरों तक पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया।
भागीरथपुरा पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने संस्कार उद्यान में पीड़ित परिवारों से चर्चा की और घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र के रहवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कांग्रेस की ओर से जानकारी दी गई है कि पीड़ित परिवारों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
इससे पहले राहुल गांधी सुबह करीब 11 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका स्वागत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया। एयरपोर्ट से वे सीधे बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे। यहां उनके साथ राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी मौजूद रहे।
बॉम्बे हॉस्पिटल में राहुल गांधी ने दूषित पानी से प्रभावित मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। अस्पताल में अभी 8 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहुल गांधी ने पीड़ितों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।







