फर्जी पुलिस बनकर फ्लैट में घुसे बदमाश, लूट के बाद युवकों का अपहरण

फर्जी पुलिस बनकर फ्लैट में घुसे बदमाश, लूट के बाद युवकों का अपहरण
एनडीपीएस केस में फंसाने की धमकी देकर पीटा, दो कारों में बंधक बनाकर शहर के बाहर ले गए लुटेरे
भोपाल,यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके हबीबगंज में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए आधा दर्जन बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट और अपहरण की वारदात को अंजाम दिया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक फ्लैट में दाखिल हुए बदमाशों ने वहां मौजूद युवकों को न केवल पीटा, बल्कि एनडीपीएस केस में फंसाने की धमकी देकर नकदी और कीमती सामान लूट लिया। दहशत फैलाने के लिए बदमाश पीड़ितों को उनकी ही कारों में बंधक बनाकर शहर के बाहर तक ले गए।
शाम को छापे के नाम पर घुसे बदमाश
पीड़ित राहुल गुप्ता ने हबीबगंज थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि 11 जनवरी की शाम वह अपने दोस्तों के साथ फ्लैट पर था। इसी दौरान 5-6 युवक अचानक अंदर घुसे। उन्होंने खुद को पुलिस स्टाफ बताया और रौब झाड़ते हुए तलाशी शुरू कर दी। जब युवकों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने पीड़ितों को डराया कि उनके पास ड्रग्स होने की सूचना है और वे उन्हें एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज देंगे।
लूट के बाद टोल रोड तक किया अपहरण
बदमाशों ने फ्लैट से महंगे मोबाइल फोन, घड़ियां और नकदी समेट ली। इसके बाद वे राहुल और उसके दोस्तों को जबरन नीचे ले गए और दो अलग-अलग कारों में बैठाकर अपहरण कर लिया। आरोपी पूरे रास्ते पैसों की मांग करते रहे। वे पीड़ितों को मिसरोद होते हुए बायपास टोल रोड की ओर ले गए। रास्ते में राहुल ने दबाव में आकर अपने एक परिचित को फोन लगाया और पैसों का इंतजाम करने को कहा। जब एक पेट्रोल पंप के पास परिचित से मुलाकात हुई और वहां लोगों की आवाजाही बढ़ी, तो पकड़े जाने के डर से बदमाश पीड़ितों को छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, जाते-जाते वे पीड़ितों के मोबाइल छीन ले गए ताकि वे तुरंत किसी को सूचना न दे सकें।
जांच के घेरे में ‘फेक पुलिस’ गैंग
घटना के बाद पीड़ितों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस को मौके के पास लगे सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें संदिग्ध और उनकी गाड़ियां नजर आ रही हैं।
इनका कहना है …
हमने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और लूट का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”ृ
थाना प्रभारी, हबीबगंज- संजीव चौकसे







