भोपालमध्य प्रदेश

बेखौफ बदमाशों ने व्यापारी से चाकू की नोक पर की लूट

बेखौफ बदमाशों ने व्यापारी से चाकू की नोक पर की लूट

भोपाल, यश भारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना इलाके में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक व्यापारी को निशाना बनाते हुए चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी रात को अपनी दुकान बंद कर रोजाना की तरह अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान ईदगाह हिल्स स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर के पीछे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने व्यापारी को रोककर तुरंत उस पर चाकू अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसके पास मौजूद नकदी व कीमती सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी तेजी से बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए।

लूट की इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही शाहजहानाबाद थाना पुलिस सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है, साथ ही हनुमान गढ़ी मंदिर और ईदगाह हिल्स के आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button