अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर : 57 वर्षीय किसान की मौत, चालक वाहन सहित फरार

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया ग्राम के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 57 वर्षीय किसान की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए किसान ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कहानी निवासी डब्बल काकोडिया (57) पिता सालिकराम काकोडिया मंगलवार को अपनी मोटरसाइकिल से धूमा से अपने गांव कहानी लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे सलैया ग्राम के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मी रोहित रजक और दुर्गेश ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल किसान को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही धूमा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
बताया गया है कि मृतक डब्बल काकोडिया खेती-किसानी का कार्य करते थे और अपने परिवार के भरण-पोषण का प्रमुख आधार थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







