भोपालमध्य प्रदेश

आज से रेलवन ऐप पर हर डिजिटल भुगतान पर मिलेगी 3% की छूट

आज से रेलवन ऐप पर हर डिजिटल भुगतान पर मिलेगी 3% की छूट

​भोपाल, यशभारत। भारतीय रेलवे ने डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने और आम यात्रियों को बड़ी राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के अनुसार, आज 14 जनवरी (बुधवार) से रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की सीधी छूट मिलेगी। खास बात यह है कि यह लाभ अब केवल आर-वॉलेट तक सीमित न रहकर सभी डिजिटल पेमेंट मोड पर लागू होगा।

अब यूपीआई और कार्ड पेमेंट पर भी बचत
अब तक रेलवे के इस ऐप पर 3% बोनस का लाभ केवल तभी मिलता था, जब यात्री अपने आर-वॉलेट को रिचार्ज करते थे। लेकिन नई व्यवस्था के तहत अब यात्री यदि यूपीआई(जीपे, फोन पे आदि), डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग का उपयोग करते हैं, तो उन्हें टिकट मूल्य पर सीधे 3 प्रतिशत का फायदा मिलेगा। यह सुविधा फिलहाल 14 जुलाई 2026 तक प्रायोगिक आधार पर लागू की गई है।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि रेलवन ऐप को प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। जो यात्री पहले से यूटीएस मोबाइल ऐप या रेल कनेक्ट का उपयोग कर रहे हैं, वे अपने मौजूदा लॉगिन क्रेडेंशियल के साथ इसमें लॉग इन कर सकते हैं। इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें अनारक्षित और आरक्षित टिकट के साथ-साथ प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेनों की रियल-टाइम जानकारी और शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी एक ही प्लेटफॉर्म पर दी गई है।

​स्टेशनों पर जागरूकता अभियान
भोपाल मंडल ने इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से न केवल टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारें कम होंगी, बल्कि दैनिक यात्रियों और उपनगरीय क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी आर्थिक बचत भी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button