मध्य प्रदेशराज्य

शासकीय एंबुलेंस वाहन से मृत महिला का शव स्ट्रेचर से गिरा : परिजनों ने एम्बुलेंस चालक पर लगाया आरोप, थाने के सामने रखा शव

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रात्रि जे समय मृत 75 वर्षीय महिला का शव गृह ग्राम सादक सिवनी ले जाते समय शासकीय एंबुलेंस चालक की गंभीर लापरवाही सामने आई है। मृतका के स्वजनों ने एंबुलेंस चालक पर तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है, जिससे शव स्ट्रेचर से नीचे गिर गया और खून बहने लगा। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने बंडोल थाना के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार छपारा थाना क्षेत्र के सादक सिवनी निवासी भारतलाल अहिरवार की मां तिलोको बाई अहिरवार को रात्रि में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद महिला का शव शासकीय एंबुलेंस वाहन क्रमांक एपी 39 डब्ल्यूई 3976 से सादक सिवनी भेजा जा रहा था। एंबुलेंस को गोपालगंज निवासी चालक आकाश सनोड़िया चला रहा था। वाहन में मृतका के पुत्र भारतलाल सहित अन्य परिजन सवार थे।

स्वजनों का आरोप है कि चालक ने एंबुलेंस को तेज रफ्तार व लहराते हुए चलाया। नगझर बायपास के पास एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और पलटते-पलटते बची। इसी दौरान स्ट्रेचर में रखा शव नीचे गिर गया, जिससे शव से खून बहने लगा। इस पर परिजनों ने आपत्ति जताई तो चालक ने मनमानी रवैया अपनाते हुए एंबुलेंस को बंडोल थाना परिसर में ले जाकर खड़ा कर दिया। यहां चालक और परिजनों के बीच कहासुनी हो गई।

इसी बीच थाने में मौजूद दो पुलिस कर्मियों और परिजनों के बीच भी विवाद हो गया। इससे आक्रोशित परिजन शव को थाना परिसर के सामने रखकर बैठ गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।

सूचना पर छपारा थाना प्रभारी खेमेंद्र जैतवार मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद शव सहित सभी स्वजनों को रात में ही गृह ग्राम सादक सिवनी पहुंचाया गया। बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने बताया कि एंबुलेंस चालक की एमएलसी कराई गई है, हालांकि नशे की पुष्टि नहीं हुई है। चालक की लापरवाही को लेकर प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा गया है। वहीं एएसपी दीपक मिश्रा ने कहा कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button