जबलपुरमध्य प्रदेश

ट्रांसपोर्ट नगर में 200 बोरी प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त, 1 लाख का जुर्माना

नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर निगम ने आज एक बड़ी कार्रवाई की है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने चंडाल भाटा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में दबिश देकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन का बरामद की।

गोदाम में छिपा था पॉलीथिन का भंडार

स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि चंडाल भाटा के नट बस्ती स्थित ‘दीपक रोड लाइंस’ के गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन का भंडारण किया गया है। मौके पर पहुंची टीम ने जब तलाशी ली, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। गोदाम से लगभग 200 बोरी प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई है।

1 लाख रुपये का मौके पर जुर्माना

नगर निगम ने न केवल अवैध स्टॉक को जब्त किया, बल्कि पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित पक्ष पर 1 लाख रुपये का स्पॉट फाइन भी लगाया। नगर निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की स्वच्छता और नियमों के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की पूरी टीम मैदान पर डटी रही। मौके पर अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा,सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज व अर्जुन यादव, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अनंत दुबे व राधा पवार , किशन दुबे, दल प्रभारी लक्ष्मण कोरी,आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button