कटनीमध्य प्रदेश

गुटखा बनाने वाली कंपनियां स्टेट जीएसटी के राडार पर, तीन फैक्ट्रियों एवं गोदाम पर एक साथ छापामार कार्रवाई , उत्पादन, बिक्री, टैक्स, भुगतान एवं लेखा-जोखा के दस्तावेज जब्त

कटनी, यशभारत। बड़े पैमाने पर कर अपवंचन की शिकायतों को स्टेट जीएसटी ने गंभीरता से लिया है। जिसको लेकर सोमवार को स्टेट जीएसटी की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पान मसाला बनाने वाली जागृति ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारा। कंपनी द्वारा लंबे समय से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी किए जाने की शिकायतो के बाद यह कार्रवाई की गई। सोमवार की दोपहर स्टेट जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर प्रकाश सिंह के नेतृत्व में करीब ढाई दर्जन से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने कंपनी की तीन फैक्ट्रियों लमतरा औद्योगिक क्षेत्र, चाका बायपास तथा पन्ना मोड़ एवं कंपनी के मुख्य गोदाम बस स्टैंड के पीछे एक साथ छापा मारकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान स्टेट जीएसटी ने गुटखा के उत्पादन, बिक्री, कच्चे माल की खरीद, तैयार माल की सप्लाई, टैक्स भुगतान एवं लेखा-जोखा से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला, इसके साथ ही कंपनी के संचाल और कर्मचारियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और डिजिटल रिकॉर्ड को भी अपने कब्जे लिया है, ताकि डिजिटल लेन-देन और फर्जी बिलिंग से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा सेक।
पहेली और लहर ब्रांड नाम से पान मसाला का निर्माण
स्टेट जीएसटी के अधिकारियों ने बताया कि जागृति ट्रेडिंग कंपनी पहेली और लहर ब्रांड नाम से पान मसाला का निर्माण कर मध्यप्रदेश के साथ ही देश के कई राज्यों में सप्लाई करती है। जांच में सामने आया है कि वास्तविक उत्पादन से कम उत्पादन दर्शाकर और फर्जी बिलों के माध्यम से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि यह कर अपवंचन करोड़ों रुपये में हो सकता है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि करीब एक साल पहले केंद्रीय जीएसटी की टीम ने भी इसी कंपनी पर छापेमारी की थी, जिसमें गंभीर वित्तीय अनियमितताएं उजागर हुई थीं।
गोदाम से पान मसाला चोरी
जीएसटी टीम द्वारा सील की गई गोदाम से पान मसाला भी चोरी होने का मामला सामने आया जिसके बाद कुठला पुलिस ने भी मामले को जांच में लिया था। इसके बावजूद कंपनी संचालक छतरपुर निवासी मोहित गौतम व अन्य लोगों द्वारा कारोबार का विस्तार किया गया और कथित तौर पर टैक्स चोरी का सिलसिला और तेज कर दिया गया। स्टेट जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर टैक्स चोरी की रकम काफी बड़ी प्रतीत हो रही है। फिलहाल दस्तावेजों और डिजिटल डेटा का मिलान किया जा रहा है। यह जांच आगामी तीन दिनों तक जारी रहेगी, जिसके बाद वास्तविक कर अपवंचन की राशि सामने आ सकेगी। जांच के उपरांत कंपनी पर भारी जुर्माना, टैक्स रिकवरी और कानूनी कार्रवाई की संभावना जता रहे हैं।
जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी
स्टेट जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर प्रकाश सिंह ने कहा कि जागृति ट्रेडिंग कंपनी में छापेमारी की गई है। यह कंपनी पान मसाला बनाती है। तीन फैक्ट्री व एक गोदाम में जांच चल रही है। सभी आवश्यक दस्तावेज, मोबाइल, लैपटॉप आदि जप्त किए गए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी की कितने रुपए का कर अपवंचन किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button