जबलपुरमध्य प्रदेश

9 किलो 842 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच एवं ओमती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जबलपुर, यशभारत। क्राइम ब्रांच और थाना ओमती पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ गांजा की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करते हुए करीब 9 किलो 842 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। थाना प्रभारी ओमती राजपाल बघेल ने बताया कि सोमवार सुबह क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे पुल नंबर-3 के पास दो युवक बैग में गांजा लेकर डिलीवरी देने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और ओमती पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे पुल नंबर-3 के पास दबिश दी।

कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार दो युवक अपने-अपने कंधों पर बैग टांगे हुए आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पुल नंबर-3 के पास चर्च की बाउंड्री के बाहर फुटपाथ पर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सूरज रजक उर्फ दक्ष (18 वर्ष) निवासी हाथीताल कॉलोनी, एमजी स्कूल के पीछे, गोरखपुर तथा लवकुश शिवहरे (18 वर्ष) निवासी फकीरचंद अखाड़े के पीछे भवन के पास, थाना हनुमानताल बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी सूरज उर्फ दक्ष रजक के नीले रंग के बैग से सेलो टेप से चिपके पांच पैकेट में गांजा मिला, जिसका वजन 4 किलो 912 ग्राम पाया गया। वहीं आरोपी लवकुश शिवहरे के काले रंग के बैग से भी सेलो टेप से चिपके पांच पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 4 किलो 930 ग्राम था। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 9 किलो 842 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से यह पूछताछ की जा रही है कि गांजा उन्हें कहां से और किससे प्राप्त हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button