
जबलपुर,यशभारत। पुलिस ने एक बार फिर अवैध जुआ खेलने वालों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस लाइन और थाना अधारताल की संयुक्त कार्रवाई में संजय नगर पहाड़ी पर चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी गई, जहाँ से 10 जुआरी गिरफ्तार किए गए। उनके पास से ताश के पत्ते और नगदी भी बरामद हुई है। एसपी को मुखबिर से सूचना मिली कि संजय नगर पहाड़ी पर कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस लाइन और थाना अधारताल की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर 10 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार जुआरियों में राकेश जायसवाल, अमन पटेल, दीपक यादव, रोहित कुशवाहा, योगेश कुशवाहा, सोमनाथ डुमार, मोहम्मद अबरार, आकाश ठाकुर, मोहम्मद समीर और प्रमोद श्रीवास शामिल हैं।
पुलिस ने फड़ से 83,850 रुपये नकद और ताश के पत्ते जप्त किए हैं। सभी आरोपियों पर धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।







