ओवरलोडेड डंपरों पर सख़्त कार्रवाई के निर्देश, शैक्षणिक परिसरों के आसपास नशे के अवैध कारोबार पर होगी सघन जांच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के निलंबित होंगे लाइसेंस

कटनी, यशभारत। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने ओवरलोडेड डंपरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल–कॉलेजों के आसपास 100 मीटर दायरे में पान–गुटखा एवं नशीली दवाओं की दुकानों की जांच कर हटाने के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, यातायात निरीक्षक राहुल पांडेय, सीजीएसटी के सुप्रिटेंडेंट दयाशंकर सिंह, आरटीओ संतोष पाल और पीडब्ल्यूडी की कार्यपालन यंत्री शारदा सिंह उपस्थित रहे।
नशे के कारोबार पर सख्ती
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुख़्ता सूचना तंत्र विकसित किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी को खोखला करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य, पुलिस और शिक्षा विभाग को स्कूल–कॉलेजों में नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त अभियान से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक से अनुपस्थित ड्रग इंस्पेक्टर मनीषा धुर्वे की गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए, कलेक्टर श्री तिवारी ने उनका दो दिन का वेतन काटने के निर्देश सीएमएचओ को दिए।
सड़क सुरक्षा समिति की प्रमुख बातें
माइनिंग विभाग व आरटीओ संयुक्त रूप से ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई करेंगे। ई-रिक्शा व ऑटो चालकों का सत्यापन एवं वाहनों की जांच कराई जाएगी। जबलपुर की तर्ज पर मुड़वारा व कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर प्रीपेड बूथ योजना लागू करने की दिशा में कार्य होगा। पीरबाबा बाईपास से अतिक्रमण हटाने और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर कलेक्टर ने नगर निगम व यातायात पुलिस की सराहना की।
बैठक में एनएचएआई मैनेजर आशीष तरियाल, पीएमजीएसवाई के मनीष साहू, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी, तथा एमपीआरडीसी के सहायक प्रबंधक अभिलाष बिठोलिया भी उपस्थित रहे।







