मध्य प्रदेशराज्य

बड़ी खबर : अंधे हत्या कांड का खुलासा : पानी के विवाद में पड़ोसी ने हंसिया से काटकर उतार दिया था मौत के घाट

Table of Contents

दमोह। थाना जबेरा क्षेत्र के ग्राम पुरैनहाऊ में 14 नवंबर 2025 की रात हुई बेनी प्रसाद कडेरे (55 वर्ष) की निर्मम हत्या का पुलिस ने 21 दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का कारण सिंचाई के पानी का मामूली विवाद था, लेकिन गाली-गलौज से आक्रोशित आरोपी ने पड़ोसी की गर्दन पर हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली।

पुलिस के अनुसार, मृतक बेनी प्रसाद कडेरे अपने खेत में बनी टपरी में सो रहा था। उसी रात करीब 10:30 बजे आरोपी रवि उर्फ चिन्नू रैकवार (36 वर्ष) निवासी देवतरा-पुरैनहाऊ अपने खेत जा रहा था। इसी दौरान बेनी प्रसाद ने उसे अनावश्यक गाली-गलौज कर दी। गुस्से में आग बबूला हुआ रवि ने हाथ में मौजूद लोहे के हंसिए से बेनी प्रसाद की गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हंसिया तालाब किनारे छिपा दिया

वारदात के बाद आरोपी ने खून से सना हंसिया तालाब किनारे छिपा दिया था।मामला 15 नवंबर को सामने आया था जब मृतक के बेटे अशोक कडेरे ने थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना जबेरा में अपराध क्रमांक 326/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक दमोह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी तेंदूखेड़ा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जबेरा उपनिरीक्षक विकास सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में चौकी प्रभारी सिंग्रामपुर उपनिरीक्षक गणेश दुबे, साइबर सेल दमोह सहित कई जांबाज पुलिसकर्मी शामिल थे।

टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर 5 दिसंबर 2025 को मुख्य आरोपी रवि उर्फ चिन्नू रैकवार पुत्र शिवकुमार रैकवार (36 वर्ष) निवासी देवतरा-पुरैनहाऊ को दस्तयाब किया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button