्रवंदे भारत में तत्काल टिकट के लिए ओटीपी अनिवार्य, यात्री सुविधा और सुरक्षा को बढ़ाने रेलवे की नई व्यवस्था

कटनी, यशभारत। वंदे भारत ट्रेन में तत्काल टिकट के लिए अब ओटीपी अनिवार्य होगा। रेलवे बोर्ड ने यात्री सुविधा और सुरक्षा को बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया है। इस नई व्यवस्था के तहत, तत्काल टिकट केवल सिस्टम जनित ओटीपी के सत्यापन के बाद ही जारी किए जाएंगे। कटनी जंक्शन होकर चलने वाली रीवा रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 20173/20174 नई व्यवस्था के तहत आने वाली पहली ट्रेन है। आज से इस ट्रेन के लिए तत्काल टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक यात्री को बुकिंग के समय अपना मोबाइल नंबर देना होगा। सिस्टम द्वारा यात्री के मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी के सत्यापन के बाद ही बुकिंग प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और टिकट जारी किया जाएगा। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और विचौलियों को रोकना है। इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक टिकट बुकिंग का अनुभव मिलेगा
मोबाइल में आएगा ओटीपी
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में तत्काल टिकट हेतु बुकिंग करते समय यात्री को अपना वैध एवं सक्रिय मोबाइल नंबर देना होगा। बताया गया कि पीआरएस काउंटर व अधिकृत एजेंट के माध्यम से तत्काल टिकट बुकिंग के समय सिस्टम यात्री द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजेगा। ओटीपी के सत्यापन के बाद ही बुकिंग प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और टिकट जारी होगा।
जुलाई में सबसे पहले शुरू हुई व्यवस्था
विदित हो कि सबसे पहले रेलवे ने जुलाई में ऑनलाइन तत्काल टिकटिंग के लिए आधार आधारित प्रमाणीकरण शुरू किया। इसके बाद अक्टूबर में सभी आरक्षित टिकट प्राप्त करने के पहले दिन की ऑनलाइन बुकिंग के लिए ओटीपी आधारित आरक्षण प्रणाली लागू की गई। यह दोनों पहल आम उपयोगकर्ताओं रेल यात्रियों द्वारा सफलतापूर्वक अपनाई गईं, जिससे आरक्षण प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित हुई।







