सतना। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नागौद-कालिंजर स्टेट हाईवे पर टेकनपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा तेज रफ्तार स्कोर्पियो कार (एमपी 16 सीबी 6093) और बाइक (एमपी 19 जेडएच 9981) की आमने-सामने टक्कर से हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कोर्पियो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक युवक और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान युवक की भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
संतू कोल (पिता बेटू), निवासी नारायणपुर
मुकेश कोल
आकाश कोल
गंभीर रूप से घायल बच्ची दिव्या कोल, मृतक मुकेश कोल की बेटी है। पुलिस के अनुसार सभी लोग नागौद से अपने गांव लौट रहे थे।
हादसे के बाद उग्र हुए ग्रामीण
दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।
सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों को सूचना दी। स्कोर्पियो चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटनास्थल से बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।
Back to top button