मध्य प्रदेशराज्य

बेटियों के लिए बड़ी खबर : ‘पंखिनी—सपनों को दो पंख’ : अब निशुल्क करियर कोचिंग क्लासेस की जा रही शुरू

Table of Contents

यश भारत, डिंडोरी l जिले की बेटियों को उच्च शिक्षा, करियर और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला डिंडौरी द्वारा ‘पंखिनी—सपनों को दो पंख’ पहल के अंतर्गत निशुल्क करियर कोचिंग क्लासेस प्रारंभ की जा रही हैं। इस योजना का लक्ष्य है—जिले की प्रतिभाशाली बेटियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना।

कार्यक्रम के माध्यम से उन छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से उच्चस्तरीय कोचिंग प्राप्त नहीं कर पाती थीं। विभाग द्वारा तैयार विशेष पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षक प्रतिदिन विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित विषयों का अध्ययन कराएंगे। लक्षित समूह में हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी, कॉलेज एवं स्नातक उपाधि प्राप्त छात्राएं शामिल होंगी।
कोचिंग में एमपी पीएससी, पीईबी, बैंकिंग, पुलिस/एसआई भर्ती, नर्सिंग, शिक्षक भर्ती, एसएससी, रेलवे सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की संपूर्ण तैयारी कराई जाएगी। पाठ्यक्रम में जनरल नॉलेज, रीजनिंग, गणित, करंट अफेयर्स, भाषा दक्षता और परीक्षा तकनीक पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है

जिले की बेटियों को करियर उन्मुख बनाना, रोजगार के अवसरों तक उनकी पहुंच बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना। इस पहल से ग्रामीण तथा दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को भी समान अवसर उपलब्ध होंगे।

शासकीय चन्द्र विजय महाविद्यालय, डिंडौरी में कोचिंग संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की जा रही है। विभाग ने इच्छुक छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि अधिक बेटियां इस अवसर का लाभ लेकर अपने सपनों को उड़ान दे सकें। यह पहल जिले में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button