केंद्रीय मंत्री केएल मुरुगन की मौजूदगी में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, एक माह तक चलेंगे विभिन्न खेलों के मुकाबले, प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

कटनी, यशभारत। केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री के एल मुरुगन ने स्थानीय फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में आज दोपहर सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खजुराहों सांसद वीडी शर्मा, प्रदेश के वन और पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक डॉ. सतेंद्र सिंह लोहिया, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर केदार जाधव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे, अरविंद पटेरिया, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रहलाद लोधी, राजेश वर्मा, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थित रही। आज से विभिन्न खेलों के रोमांचक मुकाबले शुरू हो गए। एनसीडी कैडेट्स ने मार्च पास्ट भी किया। यह खेल महोत्सव आज 25 नवंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर तक पूरे एक महीने चलेगा। जिला प्रशासन द्वारा फॉरेस्टर ग्राउंड में व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। खेल मैदान की साज-सज्जा, दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित किया गया है।


इस मौके पर सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ी विश्वभर में अपना परचम लहरा रहे हैं। मोदी सरकार की तरफ से उन्हें हर संभव सुविधा के साथ साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी स्वयं हमारे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का कार्य करते हैं। मोदी जी की मंशानुसार खजुराहो लोकसभा में सांसद खेल महोत्सव-2025 का आयोजन किया जा रहा, जिसका समापन श्रद्धेय अटल जी की जयंती 25 दिसंबर को होगा। मुझे गर्व है कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के लगभग 70,000 खिलाड़ियों ने इसके तहत अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशानुरूप सांसद खेल महोत्सव में अनेक खेलों को शामिल किया गया है। सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु प्रयासरत है। पूर्व में भी फारेस्टर प्लेग्राउण्ड में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खिलाडि़यों को प्रतिभा का प्रदर्शन करनें का अवसर मिल चुका है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन स्टेडियम में अत्याधुनिक एस्ट्रो टर्फ, बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस कोर्ट व लॉन टेनिस कोर्ट बन रहा है। यहां एक साथ 12 प्रकार के खेलों का आयोजन हो सकेगा। समारोह का संचालन जिला महामंत्री सुनील उपाध्याय ने किया। आभार प्रदर्शन सुशील त्रिपाठी ने किया।








