भोपालमध्य प्रदेश

धमकी देकर नाबालिग से रेप: रिश्ते के भाई ने 3 साल तक लूटी अस्मत, आरोपी फरार

धमकी देकर नाबालिग से रेप: रिश्ते के भाई ने 3 साल तक लूटी अस्मत, आरोपी फरार
भोपाल, यशभारत: राजधानी में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के रिश्ते के भाई ने ही इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, जिसका सिलसिला बीते तीन वर्षों से चल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना शहर के शाहपुरा थाना इलाके की है।

पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने वाला आरोपी पीड़िता का रिश्ते का भाई है। पीड़िता, जो अब बालिग हो चुकी है और कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा है, ने पुलिस को बताया कि यह घटनाक्रम साल 2022 में तब शुरू हुआ, जब वह 17 वर्ष की थी। छात्रा ने बताया कि आरोपी उसे एक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर होटल स्काई पैलेस ले गया, जहां उसने पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद, आरोपी युवक करीब तीन सालों तक अलग-अलग स्थानों पर पीड़िता को ले जाकर उसकी अस्मत लूटता रहा। पीड़िता ने बताया कि इस दौरान आरोपी ने उसे शादी का झांसा भी दिया था, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया। आरोपी की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार शनिवार को शाहपुरा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
शाहपुरा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button