एस.आई.आर. की प्रगति का रातभर निरीक्षण
कलेक्टर और निगमायुक्त ने संभागों में पहुंचकर बढ़ाई कार्यों की रफ्तार

एस.आई.आर. की प्रगति का रातभर निरीक्षण
कलेक्टर और निगमायुक्त ने संभागों में पहुंचकर बढ़ाई कार्यों की रफ्तार
जबलपुर यशभारत। मतदाता गहन पुनरीक्षण सूची 2026 के कार्यों को समयसीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से जबलपुर में प्रशासनिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार लगातार फील्ड में सक्रिय रहते हुए सुबह से लेकर देर रात तक संभागों का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम को गति देने के उद्देश्य से दोनों अधिकारी प्रतिदिन वार्डों और संभागों में जाकर एस.आई.आर. के कार्यों की वास्तविक स्थिति देख रहे हैं।
कलेक्टर और निगमायुक्त रात 10 बजे से 1 बजे तक एस.डी.एम., डी.ओ., बी.एल.ओ. और कम्प्यूटर ऑपरेटरों के कार्यालय पहुँचकर सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कार्य की धीमी गति पर चिंता जताते हुए टीम को स्पष्ट रूप से कहा कि आज का काम आज ही पूरा करें, किसी प्रकार की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आज ऑनलाइन समीक्षा के बाद कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगमायुक्त अहिरवार संभाग क्रमांक 3, 6, 8 और 9 के कार्यालय पहुँचे। यहाँ एस.डी.एम. अनुराग सिंह और
पंकज मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों, बी.एल.ओ. और कम्प्यूटर ऑपरेटरों के साथ बैठक कर उन्होंने एस.आई.आर. कार्यों की प्रगति का विस्तृत आंकलन किया। उन्होंने सभी को कार्य को चुनौती के रूप में लेकर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए तथा टीम का उत्साहवर्धन भी किया।
कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक कंप्यूटर ऑपरेटर को प्रतिदिन 150 पफॉर्म डिजिटाइजेशन का लक्ष्य दिया गया है। फॉर्म वितरण, वापसी और डिजिटाइजेशन के कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस महत्वपूर्ण कार्य में हिला हवाली या लापरवाही करने वालों के विरुद्ध अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार देर रात 1 बजे तक संभागों का भ्रमण करते रहे और प्रगति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि एस.आई.आर. कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना अब सभी के लिए अनिवार्य है।







