घर पर पथराव कार में तोड़ फोड से दहशत,मामूली विवाद के बाद अज्ञात हमलावरों की करतूत
घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद

जबलपुर यशभारत । बंदरिया तिराहा के पास 14 तारीख की दोपहर में हुए एक मामूली सड़क विवाद ने रात होते–होते गंभीर और चिंताजनक रूप ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार मृणाल वरुण की पत्नी अपने बच्चों को स्कूल से कार द्वारा घर लेकर लौट रही थीं, तभी एक स्कूटी (एक्सिस) सवार से हल्का वाद-विवाद हो गया। स्कूटी चालक का कहना था कि कार ने ‘कट’ मारा। मामला वहीं शांत हो गया और दोनों पक्ष अपनी-अपनी दिशा में चले गए।
लेकिन रात में घटनाक्रम ने अचानक खतरनाक मोड़ ले लिया। जब एक मोटरसाइकिल सवार, जिसने मफलर से पूरा चेहरा ढक रखा था, घर के बाहर खड़ी कार के पास आया और एक बड़ा पत्थर कार के शीशे पर जोर से मारा, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया। हमलावर पलक झपकते ही मौके से भाग निकला। अचानक हुए इस हमले से घर के बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएँ घबराकर सदमे में आ गए। परिवार ने तुरंत ग्वारीघाट थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय कुछ अनजान लोग आसपास की दुकानों पर जाकर वरुण के घर और कार का नंबर पूछते हुए देखे गए। उनके व्यवहार से साफ दिख रहा था कि वे परिवार की गतिविधियों की जानकारी जुटा रहे हैं, परिवार का कहना है कि यह घटना सिर्फ़ एक कार पर हमला नहीं, बल्कि घर की सुरक्षा और परिवार की जान को खतरे का स्पष्ट संकेत है। लोगों का मानना है कि सड़क विवाद को बहाना बनाकर किसी तीसरे पक्ष द्वारा सोची-समझी हरकत होने की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
परिवार ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग
परिवार ने हमलावरों की तुरंत पहचान, और घर के आसपास निरंतर पुलिस सुरक्षा की मांग की है, ताकि आगे किसी बड़ी घटना को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चुकी है और मामले की जांच जारी है।






