भोपाल

भोपाल: रेलवे स्टेशन पर तेज रफ्तार कार ने 4 को रौंदा! नशे में ड्राइवर

भोपाल: रेलवे स्टेशन पर तेज रफ्तार कार ने 4 को रौंदा! नशे में ड्राइवर

भोपाल, यशभारत। राजधानी में सोमवार शाम भोपाल रेलवे स्टेशन परिसर में एक कार चालक ने स्टेशन के बाहर प्लेटफॉर्म नंबर 6 की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए चार लोगों को टक्कर मार दी। घायलों को तत्काल इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नशे में ड्राइवर, पकड़कर सौंपा पुलिस को

यह चौंकाने वाली घटना सोमवार शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार चला रहा व्यक्ति ITBP (इंडो-तिब्बत बार्डर पुलिस) का एक जवान निकला, जिसका नाम राजेंद्र पिता जगदीश है और वह कोकता ITBP कैंपस में रहता है। बताया जा रहा है कि वह अपने किसी मेहमान को लेने रेलवे स्टेशन आया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन के बाहर तेज गति में कार चला रहे आरोपी ने चार अलग-अलग युवकों को टक्कर मारी। हादसे के बाद, आरोपी राजेंद्र ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत पकड़ लिया और पीट-पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय जवान नशे में धुत्त था।

 

मंगलवारा थाना पुलिस ने टीआई अजय सोनी के हवाले से बताया कि सभी घायलों को हमीदिया अस्पताल लाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में से एक युवक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया है।

पुलिस ने आरोपी चालक राजेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर उसकी निजी कार को थाने में जब्त कर लिया है। टीआई ने पुष्टि की कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके बाद ही उसके नशे में होने की बात की पुष्टि हो पाएगी। पुलिस ने आरोपी जवान के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस घटना की सूचना दे दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button