विजन जबलपुर संस्था का ‘दीपावली मिलन एवं संकल्प समारोह’ संपन्न
'दीनबंधु अभियान' शुरू करने का निर्णय

जबलपुर यश भारत । विजन जबलपुर संस्था के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा आयोजित ‘दीपावली मिलन एवं संकल्प समारोह’ रोटरी क्लब, सिविल लाइन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सभी उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने एक अत्यंत महत्वपूर्ण संकल्प लिया कि वे जबलपुर शहर को भिक्षु रहित बनाने और नन्हे बालक-बालिकाओं को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराकर उन्हें समाज की मुख्य धारा में जोड़ने का कार्य करेंगे। इस संकल्प को साकार करने के लिए अगले सप्ताह से ‘दीनबंधु’ अभियान प्रारंभ करने का भी निर्णय लिया गया।
इस समारोह के मुख्य अतिथि विधायक अशोक रोहाणी थे, जिन्होंने विजन जबलपुर के वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे उनके कार्यों हेतु बधाई दी। समारोह में शहर की प्रमुख संस्थाओं— गढ़ा रामलीला समिति, मंचदीप, प्रसंग एवं मिलन संस्था को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिताली बनर्जी, प्रेसिडेंट रोटरी क्लब और गरीबों की सेवा हेतु आशीष राव, मंडल अध्यक्ष को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील कुमार चौरसिया, पूर्व अध्यक्ष ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड ने की, जबकि विशिष्ट अतिथियों में मंडल अध्यक्ष आशीष राव, पार्षद श्याम कनौजिया, अशोक मनोध्या, मथुरा प्रसाद उत्साही, विनोद नयन, केके नायकर , श्याम सुंदर चौबे, कंधी लाल, के वी एस चौहान, और पूनम प्रसाद उपस्थित रहे।







