महिला डीएसपी ने सहेली के घर से 2 लाख नगदी और मोबाइल किया चोरी, FIR दर्ज होते ही हुई फरार

महिला डीएसपी ने सहेली के घर से 2 लाख नगदी और मोबाइल किया चोरी, FIR दर्ज होते ही हुई फरार
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक महिला पुलिस उपाधीक्षक पर अपनी ही सहेली के घर से दो लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला डीएसपी की पहचान कल्पना रघुवंशी के रूप में हुई है। सहेली की शिकायत के आधार पर, जहांगीराबाद थाने में डीएसपी कल्पना रघुवंशी के खिलाफ चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पीड़ित सहेली ने पुलिस को बताया कि जब वह नहाने गई थी, उसी दौरान डीएसपी कल्पना रघुवंशी उनके घर में घुसीं। उन्होंने चार्जिंग में लगे मोबाइल फोन के साथ-साथ बैग में रखे दो लाख रुपए नकद लेकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सहेली ने अपने आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना सामने आने और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद डीएसपी कल्पना रघुवंशी ने मोबाइल फोन तो लौटा दिए, लेकिन वह दो लाख रुपए की नकदी के साथ फरार हैं। पुलिस अब उनकी तलाश में जुट गई है।
महकमे में मचा हड़कंप, कार्रवाई की तैयारी
यह घटना मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के लिए बड़ी फजीहत का कारण बन गई है, जो पहले से ही कई मामलों को लेकर आलोचनाओं के घेरे में है। उच्चाधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि विभाग अब चोरी के आरोपों में घिरी डीएसपी कल्पना रघुवंशी के खिलाफ कड़ा विभागीय एक्शन ले सकता है और जल्द ही उन्हें नोटिस भी जारी किया जा सकता है।







