बिजली अधिकारी-कर्मचारियों से मारपीट करने वालों की जमानत खारिज, चार आरोपी जेल भेजे गए

बिजली अधिकारी-कर्मचारियों से मारपीट करने वालों की जमानत खारिज, चार आरोपी जेल भेजे गए
जबलपुर, यश भारत। दमोहनाका क्षेत्र की पंजाब बैंक कॉलोनी में बिजली मीटर लगाने पहुंचे अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में न्यायालय ने चार आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर उन्हें जेल भेज दिया। घटना 5 अगस्त को हुई थी। कंपनी अधिकारी गौतम मुखर्जी एवं परीक्षण सहायक कमलेश सोनी नवीन विद्युत कनेक्शन का मीटर लगाने पहुंचे थे। बताया गया कि आवेदिका रश्मि जैन ने कनेक्शन संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं। मीटर लगाने के दौरान बिल्डर से जुड़े लोगों ने विवाद करते हुए बाहरी तत्वों को बुला लिया और अधिकारी-कर्मचारियों तथा आवेदिका के परिवार के साथ मारपीट की। मामले में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने अभिषेक विश्वकर्मा उर्फ मिन्ना, सौरभ उर्फ बिट्टू विश्वकर्मा, अशोक उर्फ अक्कू अहिरवार और प्रशांत अहिरवार उर्फ घसीटा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। विभाग की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद शफीक ने जमानत का विरोध किया। न्यायालय ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए चारों की जमानत खारिज कर जेल भेज दिया। विभाग ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।







