भोपाल: रिटायर्ड सूबेदार का घर सूना कर गए चोर; कॉलोनी से 3 बाइक भी उड़ाईं

भोपाल: रिटायर्ड सूबेदार का घर सूना कर गए चोर; कॉलोनी से 3 बाइक भी उड़ाईं
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र की त्रिभूवन बिहार कॉलोनी में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब आठ बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने एक आर्मी के रिटायर्ड सूबेदार के बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए का माल साफ कर दिया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने कॉलोनी के अलग-अलग घरों के बाहर खड़ी तीन बाइक भी चोरी कर लीं।
लाखों का माल चोरी
फरियादी धीरज सिंह, जो कि आर्मी से रिटायर्ड सूबेदार हैं, ने बताया कि वे छठ पूजा के सिलसिले में अपने गांव बलिया (उत्तर प्रदेश) गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात सात-आठ बदमाश उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने घर से सोने-चांदी के जेवरात, एक लाख रुपए की नकदी, और एक 42 इंच की एलईडी टीवी सहित करीब तीन लाख रुपए का माल चोरी कर लिया।
तीन बाइक भी ले उड़े बदमाश
रहवासियों के मुताबिक, कॉलोनी में एक ही रात में तीन बाइकों की चोरी भी हुई है। इस पूरी वारदात के सीसीटीवी फुटेज शनिवार दोपहर सामने आए हैं, जिसमें बदमाशों की संख्या और उनकी गतिविधियां कैद हुई हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही रहवासियों ने तत्काल कटारा हिल्स थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।







