दहला देने वाला डबल मर्डर! प्रॉपर्टी के लालच में भाई बना हत्यारा
CCTV फुटेज में सड़क पर खूनी खेल कैद

जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के बल्दीकोरी की दफाई में प्रॉपर्टी विवाद ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। सगे भाई बबलू चौधरी ने अपने ही भाई संजय चौधरी और भाभी बबीता चौधरी की धारदार चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात का 37 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
CCTV फुटेज: सड़क पर भाई को चाकुओं से गोदा
सीसीटीवी फुटेज में हत्या का दहला देने वाला मंजर कैद हुआ है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी बबलू चौधरी किस तरह बीच सड़क पर अपने भाई संजय चौधरी पर अंधाधुंध चाकुओं से वार कर रहा है। संजय चौधरी जान बचाने की लाख कोशिश करते हैं, लेकिन आरोपी का खून सवार था और वह लगातार वार करता रहा।
वारदात के दौरान कुछ स्थानीय लोग बीच-बचाव करने के लिए आगे बढ़ते हैं, लेकिन आरोपी के हाथ में धारदार हथियार देखकर वे पीछे हट जाते हैं। बताया जाता है कि संजय चौधरी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने अपनी भाभी बबीता चौधरी पर भी हमला किया और उनकी भी हत्या कर दी।
प्रॉपर्टी विवाद बनी खूनी रंजिश की वजह
थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बबलू चौधरी और मृतक संजय चौधरी के बीच लंबे समय से संपत्ति के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आज यह विवाद इतना गहरा गया कि बबलू चौधरी ने हत्या जैसा जघन्य अपराध कर डाला। दोपहर लगभग 12:30 बजे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
आरोपी फरार, पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटी
डबल मर्डर की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बबलू चौधरी मौके से फरार हो गया है। घमापुर थाना पुलिस ने दोनों शवों का मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या (धारा 302) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को मुख्य साक्ष्य बनाते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी हैं और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







