सांसदों के फ्लैट्स में लगी भयानक आग — ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में मची अफरातफरी

सांसदों के फ्लैट्स में लगी भयानक आग — ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में मची अफरातफरी
भोपाल, यशभारत: राजधानी दिल्ली में शनिवार दोपहर संसद भवन से कुछ ही दूरी पर स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। बीडी मार्ग स्थित यह अपार्टमेंट सांसदों के आवास के रूप में जाना जाता है। आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई और चारों ओर धुआं फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर काबू पाने में करीब आधे घंटे से ज्यादा का समय लगा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग ऊपर के फ्लैट्स में तेजी से फैल गई।
सांसद साकेत गोखले ने सोशल मीडिया पर बताया कि आग लगने के बाद दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचीं, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया। उन्होंने इसे बेहद गंभीर लापरवाही करार दिया और तत्काल जांच की मांग की।
वहीं, अपार्टमेंट के एक निवासी विनोद ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा, “हमारा कुत्ता अंदर फंसा हुआ है, मेरी पत्नी और बच्चा झुलस गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ महीनों में बेटी की शादी होनी थी, सारे गहने और कपड़े जलकर राख हो गए।”
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मौके पर पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौजूद हैं। आगजनी के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।







