
अजेय भारत ने पाकिस्तान को दी शिकस्त, नौवीं बार जीता एशिया कप
.. तिलक ,संजू सैमसन, शुभम दुबे की शानदार साझेदारी ने दिलाई ऐतिहासिक जीत
आशीष शुक्ला, दुबई।
भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को हराकर नौवीं बार एशिया कप 2025 पर कब्ज़ा जमा लिया। टीम इंडिया की यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही क्योंकि पूरे टूर्नामेंट में उसने अजेय रहते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 147 रन बनाए। भारतीय गेंदबाज़ों ने शुरुआती झटके देकर पाकिस्तानी बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। जसप्रीत बुमराह , कुलदीप यादव, शुभम ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम की रनगति पर रोक लगाई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत धीमी रही। ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए। कुछ ही देर में सूर्य कुमार यादव का भी विकेट गिर गया। जिससे एक समय टीम दबाव में दिख रही थी, लेकिन युवा बल्लेबाज़ तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और संजू सैमसन के साथ मिलकर पारी को संभाला। तिलक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्द्ध शतक पूरा किया। संजू के आउट होने के बाद शुभम दुबे पर उतरे। आखिरी पल में शुभम कैच आउट हो गए। मैदान पर उतरे रिंकू सिंह ने चौका मारकर भारत की जीत पर मोहर लगा दी।
तिलक ने 69 की संयमित पारी खेली। अंतिम ओवरों में जब बाल कम थी और रन संख्या ज्यादा थी तब तिलक और दुबे ने छक्के जड़कर दर्शकों में जोश भर दिया। स्टेडियम “भारत! भारत!” के नारों से गूंज उठा।
जीत के बाद कप्तान सूर्य यादव ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों की प्रशंसा की। देशभर में क्रिकेट प्रेमियों ने जश्न मनाया, मिठाइयां बांटीं और सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सिलसिला जारी रहा।







