शहनाज अख्तर के भक्ति संगीत में डूबा भोपाल

शहनाज अख्तर के भक्ति संगीत में डूबा भोपाल
भोपाल यशभारत। देशभर में नवरात्रि के अवसर पर माता रानी की पूजा अर्चना की जा रही है। जगह-जगह भजन संध्या और जगराते आयोजित हो रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल के कोलार रोड स्थित मां पार्वती नगर, बंजारी में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस भजन संध्या में देश की सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर ने अपने सु मधुर गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति सुनकर राजधानीवासी मातारानी की भक्ति में लीन हो गए। दरअसल इस कार्यक्रम का आयोजन मां पार्वती नगर गणेश उत्सव समिति की संरक्षक और सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री पूनम दुबे जैन द्वारा किया गया था। बुधवार की शाम से ही भक्ति संगीत का आनंद लेने वाले भक्तगणों की भीड़ उभरने लगी थी।रात करीब 8:00 बजे जैसे ही गायिका शहनाज अख्तर ने मंच पर कदम रखा, वैसे ही पूरा समारोह तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। शहरवासियों का अभिवादन करने के बाद गायिका शहनाज अख्तर में जो भक्ति संगीत छेड़ा तो श्रोता वाह-वाह कर उठे। देर रात तक यह भजन संगीत का कार्यक्रम चला रहा, जिसमें शहर के हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने आनंद का लाभ उठाया।







