कर्नाटक में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा,ट्रक ने भीड़ को रौंदा,9 की मौत
पीएम मोदी ने हासन हादसे पर जताया दुख, अनुग्रह राशि का एलान

कर्नाटक, एजेंसी। कर्नाटक के हासन में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां गणेश विसर्जन के जुलूस पर तेज रफ्तार ट्रक चढ़ गया और लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ा। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है वहीं 20 से ज्यादा घायल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। बताया जा रहा है कि गणेश विसर्जन के जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे और डांस कर रहे थे इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने लोगों को रौंद दिया।
हसन-मैसूर नेशनल हाईवे-373 पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह हादसा हसन-मैसूर नेशनल हाईवे-373 पर हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे के एक तरफ हजारों की भीड़ गणेश उत्सव का जश्न मना रही थी, जबकि दूसरी तरफ से गाड़ियां गुजर रही थीं। तभी अचानक एक ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर को पार कर सीधे भीड़ पर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिनमें कई की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
पीएम ने जताया दुख
कर्नाटक में हासन ट्रक हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।







