भोपाल

शान दिखाने महंगी बाइक खरीदी, किस्त चुकाने लोगों को लूटने लगे -चाकू अड़ाकर लूट की वारदात करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

शान दिखाने महंगी बाइक खरीदी, किस्त चुकाने लोगों को लूटने लगे
-चाकू अड़ाकर लूट की वारदात करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, किराना व्यापारी के साथ हुई लूटपाट का खुलासा
भोपाल, यशभारत।
अयोध्या नगर थाना पुलिस ने स्पोर्ट और तेज रफ्तार से भागने वाले बाइक सवार लुटेरों की एक गैंग का पर्दाफाश किया है। गैंग का सरगना और उसके एक साथी ने दोस्तों और परिचितों में शान दिखाने के लिए पहले स्पोर्ट और महंगी बाइक खरीद ली। लेकिन जब बाइक की किस्त जमा नहीं कर पाए तो अपने दो साथियों के साथ मिलकर लोगों को चाकू अड़ा कर लूटने लगे थे। तीन आरोपियों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर एक सप्ताह पहले किराना व्यापारी के गले पर चाकू अड़ाकर नगदी 80 हजार रूपए लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर दो बाइक और नगदी बरामद कर लिए हैं। पकड़े गए दो आरोपियों पर पूर्व में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि गत 4 सितंबर की रात सेटेलाइट प्लाट के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने चाकू अड़ा कर अयोध्या नगर निवासी नीरज पाठक से थैले में रखे 80 हजार रूपए लूट लिए थे। वारदात के वक्त फरियादी अपनी किराना दुकान बंद कर एक्टिवा से घर लौट रहा था। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकि साक्ष्यों के आधार पर एक विधि विरूद्ध बालक और उसके तीन साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने किराना व्यापारी नीरज पाठक के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कुलदीप नगर निशातपुरा निवासी अभिराज अहिरवार पुत्र गुड्डू अहिरवार(21), नगर निगम कालोनी छोला मंदिर निवासी शुभम कहार उर्फ बब्बा पुत्र पप्पू कहार(25), पन्ना नगर बैरसिया रोड निवासी क्रिस श्रीवास पुत्र लखपत सिंह श्रीवास(19) को गिरफ्तार कर उनके साथी 17 वर्षीय विधि विरूद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।
मंगही स्पोर्ट बाइक के शौक ने बना दिया लुटेरा-
थाना प्रभारी लिल्हारे ने बताया कि आरोपी शुभम कहार गैंग का सरगना है, उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, बलात्कार, मारपीट समेत करीब 14 अपराध दर्ज हैं, वहीं आरोपी अभिराज अहिरवार आईटीआई पास है। इन दोनों आरोपियों ने अपने परिचित, दोस्तों व रिश्तेदारों में शान दिखाने के लिए स्पोर्ट और महंगी बाइक खरीदी थी। लेकिन बाइकों की किस्त जमा नहीं कर पा रहे थे। इस कारण उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर किराना व्यापारी को लूटने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने दो दिन पहले रैकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया।
पहले भी कर चुके थे तीन वारदात-
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह इससे पहले आईएसबीटी, छोला मंदिर और भानपुरा इलाके में मोबाइल व नगदी लूट की वारदातों को अंजाम दे चुकी थे। तीनों वारदातों में आरोपियों ने चाकू अड़ा कर लोगों का डराया-धमकाया और नगदी व मोबाइल छीन लिए थे। इन तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो बाइक और नगदी बरामद कर जब्त कर लिया हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button