ट्रंप के सहयोगी चार्ली की हत्या, अमेरिका में राष्ट्रीय शोक की घोषणा
यूनिवर्सिटी डिबेट के दौरान हुई फायरिंग

अमेरिका की यूटा वैली यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान कंजरवेटिव युवा नेता और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उनको गोली मारी गई. चार्ली किर्क की हत्या में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था, लेकिन कई घंटों पूछताछ के बाद उसे रिहा कर दिया गया. सुरक्षा एजेंसियां हत्यारे की तलाश में जुटी हैं. चार्ली किर्क यूटा वैली यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे, तभी उनके गले में गोली मार दी गई. करीबी की हत्या के बाद ट्रंप काफी आगबबूला हैं और उन्होंने इसके लिए कट्टर वामपंथी सोच को जिम्मेदार बताया. इस घटना के बाद अमेरिका का झंडा भी आधा झुका दिया गया है.
डोनाल्ड ट्रंप आक्रोश में
डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो शेयर करते हुए चार्ली की काफी तारीफ की और कहा कि हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं. ये अमेरिका के लिए एक काला दिन है. ट्रंप ने कहा कि चार्ली जैसे कमाल के अमेरिकी लोगों को कुछ चरमपंथी नाजी कहकर बुलाते हैं, इसी तरह के लोग आतंकवाद के लिए जिम्मेदार हैं. ये सब अब बंद होना चाहिए. हम लोग हिंसा में शामिल हर किसी को ढूंढकर उन्हें सजा देने का काम करेंगे. अपने इस संबोधन में ट्रंप ने खुद पर हुए जानलेवा हमले और बाकी हत्याओं का भी जिक्र किया.
कौन थे चार्ली किर्क
चार्ली किर्क अमेरिका में राइट विंग के जाने-माने एक्टिविस्ट थे. उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप का काफी करीबी माना जाता था.किर्क अमेरिका के सबसे बड़े कंजरवेटिव यूथ मूवमेंट के प्रमुख थे. यह मूवमेंट 2012 में शुरू हुआ था. तब 18 साल के किर्क इसके को-फाउंडर बने थे.







